Breaking

कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार हरीश रावत हारे चुनाव, भाजपा के डॉ मोहन बिष्ट ने दी मात



उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत को भरोसा है कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में सरकार बनाएगी लेकिन रुझानों ने उनके दावे को पलट कर रख दिया और भारतीय जनता पार्टी ने राज्य़ में अपनी 44 सीटों पर बढ़त बना ली हैं। वहीं जीत का दम भरने वाले कांग्रेस के कद्दावर नेता हरीश रावत अपनी सीट लालकुआ से चुनाव हार गये हैं। लालकुआ पर उनकी टक्कर बीजेपी के डॉ मोहन बिष्ट के साथ थी। मोहन बिष्ट लगातार हरीश रावत से 10000 वोटों के अंतराल से आगे चल रहे थे। आखिरी चरण की गिनती के बाद भाजपा के डॉ मोहन बिष्ट ने हरीश रावत को लगभग दस हजार वोटों से हरा दिया है। वहीं हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र से हरीश रावत की बेटी अनुपमा रावत आगे चल रही हैं। आपको बता दें कि हरीश रावत उत्तराखंड में काग्रेस के सीएम उम्मीदवार थे। उन्होंने सीएम उम्मीदवार बनने से पहले ही यह कह दिया था कि यह उनका आखिरी चुवान है साथ ही उसके अलावा उन्होंने राज्य में कांग्रेस की जीत का दावा किया था।

उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और सामने आ रहे रुझानों में भाजपा 46 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 21 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार और निर्दलीय 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन चंद्र कापडी से 954 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 8616 मतों से पीछे चल रहे थे अब वह चुनाव हार गये हैं।

चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य बाजपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार से 2755 मतों से पीछे चल रहे हैं। निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और चकराता से अब तक अजेय रहे कांग्रेस के प्रीतम सिंह अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के रामशरण नौटियाल से 1805 मतों से आगे हैं। देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर आठ बार के विधायक रहे दिवंगत हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना से 4198 मतों से आगे चल रही हैं।

पुष्कर धामी मंत्रिमंडल में शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय गदरपुर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रेमानंद महाजन से 6172 मतों से आगे चल रहे हैं। हालांकि, हरिद्वार शहर से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी से 209 मतों से पीछे चल रहे हैं जबकि धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत कांग्रेस के महेश चंद्र से 452 वोटों से पीछे हैं। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल जहां कांग्रेस प्रत्याशी ओम गोपाल से 1476 मतों से पीछे चल रहे हैं वहीं आपदा प्रबंधन मंत्री धनसिंह रावत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से 1011 मतों से पीछे हैं। उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान हुआ था जिसमें 65 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
और नया पुराने