जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग छात्र को चाकू दिखाकर डराने, मारपीट करने और उससे 10 हजार रुपए लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आयुष राजपूत (28), निवासी ग्रीन सिटी, बाबा बर्फानी, सत्यम हाउस, माढ़ोताल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने छात्र से 5 हजार रुपए नकद छीनने के बाद उसके मोबाइल का पासवर्ड लेकर खाते से 5 हजार रुपए ऑनलाइन भी ट्रांसफर कराए थे।
पुलिस के मुताबिक बरेला निवासी अविनाश कुमार 22 अगस्त को श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह पैदल नीमखेड़ा स्थित अपने कमरे जा रहा था। रास्ते में आयुष राजपूत ने उसे रोक लिया और चाकू दिखाकर डराने के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे तिवारी रेस्टोरेंट ले गया।
आरोप है कि रेस्टोरेंट में आरोपी ने छात्र से रुपए के बारे में पूछताछ की और उसकी जेब से जबरन 5 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड लेकर खाते से 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर आयुष को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार की और रुपए खर्च करना बताया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।