Breaking

काम से घर लौटा 22 वर्षीय युवक, कुछ देर बाद कमरे में मिला मृत

काम से घर लौटा 22 वर्षीय युवक, कुछ देर बाद कमरे में मिला मृत

मुड़िया पाटन बायपास के समीप की घटना, मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर।

माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़िया पाटन बायपास के समीप रहने वाले 22 वर्षीय विवेक पटेल की मंगलवार शाम मौत हो गई। युवक को कमरे में अचेत अवस्था में देखने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।


परिजन युवक को तत्काल मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शाम को काम से लौटा था घर

पुलिस के अनुसार ग्राम मुड़िया निवासी विवेक पटेल रोज की तरह शाम के वक्त काम से घर लौटा था। घर आने के बाद वह बिना किसी से ज्यादा बातचीत किए अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक विवेक के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन चिंतित हुए। उन्होंने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

कमरे में पहुंचे परिजन तो मच गई चीख-पुकार

परिजन कमरे में पहुंचे तो विवेक को फंदे पर लटका देखकर स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया और उपचार की उम्मीद में मेडिकल अस्पताल ले जाया गया।

मेडिकल अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद विवेक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मर्ग जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

और नया पुराने