Breaking

किराना व्यापारी पर चाकूबाजी के बाद फरारी काट रहे दो आरोपी गिरफ्तार, साथी के घर लिया था आश्रय



जबलपुर। रांझी में किराना व्यापारी पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने साथी के घर पर छिपकर फरारी काट रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। मामले में मुख्य आरोपी नितिन साहू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

रांझी पुलिस के अनुसार, किराना व्यापारी अभिषेक श्रीपाल पर आरोपियों ने चाकू से हमला किया था। हमले में घायल अभिषेक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ित की शिकायत और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।

दो आरोपियों को दबोचा

जांच के दौरान पुलिस ने मानेगांव निवासी राज चौधरी और शिवा राणे को गुरुवार रात गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने शिवा राणे के कब्जे से चाकू बरामद कर लिया है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया जाना बताया गया है।

साथी के घर छिपकर काट रहे थे फरारी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने चांदमारी घमापुर निवासी अपने साथी निखिल गोटिया के घर पर शरण ली थी। दोनों वहीं छिपकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने निखिल गोटिया की तलाश की, लेकिन वह फरार मिला। आरोपियों को अपने मकान में आश्रय देने के मामले में उसके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए प्रकरण में संबंधित धाराओं का इजाफा किया गया है।

शिवा पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई

आरोपी शिवा राणे के पास से चाकू बरामद होने के बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की है। पुलिस अब फरार आरोपी निखिल गोटिया की तलाश कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

और नया पुराने