जबलपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चोरी की स्कूटी से पर्स और मोबाइल झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में कदम तलैया, बेलबाग निवासी 21 वर्षीय तौसीफ खान और उसके 16 वर्षीय नाबालिग साथी को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल, सोने का पैंडिल, 22 हजार 650 रुपए नकद और चोरी की नीले रंग की सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद हुई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले मदनमहल थाना क्षेत्र से नई सुजुकी एक्सेस स्कूटी चोरी की और फिर उसी वाहन का इस्तेमाल झपटमारी की वारदातों में किया। 29 सितंबर को हनी पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 सितंबर की शाम एमएम कॉलेज के पास खड़ी करीब 95 हजार रुपए कीमत की उसकी स्कूटी चोरी हो गई थी।
जांच में सामने आया कि इसी स्कूटी से कैंट, सिविल लाइन और बिलहरी क्षेत्र में पर्स व मोबाइल झपटे गए। 27 सितंबर को कैंट क्षेत्र में सौविक बनर्जी की पत्नी का पर्स छीना गया, जिसमें 25 हजार रुपए और मोबाइल था। इसी दिन सिविल लाइन स्थित बीमा अस्पताल के पास डॉक्टर चांदनी ठाकुर का पर्स छीना गया, जिसमें मोबाइल, छह हजार रुपए, सोने की अंगूठी और एटीएम-क्रेडिट कार्ड थे। 28 सितंबर को बिलहरी में डी-मार्ट से लौट रही नितिन जैन की पत्नी से पर्स छीनते समय महिला और बच्चा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पर्स में नकदी और बच्चे का चांदी का पैंडिल था।
लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। फुटेज के आधार पर तौसीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उसने नाबालिग साथी के साथ वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस अब अन्य घटनाओं और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।