‘दो सेकेंड का काम है मैडम, सुन लीजिए...’ SP ऑफिस में फरियादी की गुहार का वीडियो वायरल, ASI से मांगा स्पष्टीकरण
फरियादी का दावा तीन महीने से लगा रहा चक्कर, दोपहर 3 बजे से कर रहा था इंतजार; वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने लिया संज्ञान
वायरल वीडियो में फरियादी महिला पुलिसकर्मी से कहता सुनाई दे रहा है—“हम बहुत दूर से आए हैं, थोड़ी सी समस्या सुन लीजिए, दो सेकेंड का काम है मैडम।”
‘तीन महीने से लगा रहा हूं चक्कर’
वीडियो में फरियादी दावा करता है कि वह पिछले करीब तीन महीने से अपनी समस्या को लेकर चक्कर लगा रहा है। उसका कहना है कि वह पहले एक अधिकारी के पास गया था, जहां से उसे एसपी ऑफिस की शिकायत शाखा में भेजा गया।
फरियादी के मुताबिक वह दोपहर करीब 3 बजे से इंतजार कर रहा था। वीडियो में वह लगातार अपनी शिकायत सुनने का आग्रह करता दिखाई देता है।
महिला पुलिसकर्मी ने कहा बाद में आना
वायरल वीडियो में बातचीत के दौरान तत्काल शिकायत नहीं लिए जाने और कुछ देर बाद आने की बात सुनाई देती है। बातचीत में महिला पुलिसकर्मी के मीटिंग से लौटने और थकान के कारण कुछ देर आराम करने का जिक्र भी सामने आता है।
वीडियो में शिकायत शाखा के आसपास अन्य फरियादी भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठने लगे।
शिकायत शाखा का उद्देश्य ही लोगों की शिकायतें सुनना और उन्हें उचित कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर तक पहुंचाना है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति दूर से आकर लंबे समय तक इंतजार करने की बात कह रहा है तो उसकी शिकायत सुनने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
वीडियो में ASI रश्मि पराशर का नाम आया सामने
वीडियो में दिखाई दे रही महिला पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई रश्मि पराशर के रूप में बताई गई है। जानकारी के मुताबिक उनका हाल ही में शिकायत शाखा में तबादला हुआ है।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस अधिकारियों ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। पुलिस की ओर से संबंधित महिला पुलिसकर्मी को बुलाकर घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली गई है।
सीएसपी भगत सिंह गोठरिया ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद संबंधित महिला पुलिसकर्मी को बुलाकर पूरे मामले के संबंध में बात की गई। उनके मुताबिक फरियादी को करीब पांच मिनट इंतजार करने के लिए कहा गया था और इसके बाद उसकी शिकायत ले ली गई थी।
महिला पुलिसकर्मी से मांगा गया स्पष्टीकरण
सीएसपी के अनुसार संबंधित महिला पुलिसकर्मी से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों को देखते हुए आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस कार्यालय तक पहुंचने वाला व्यक्ति अक्सर अपनी समस्या के समाधान की आखिरी उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में शिकायत शाखा में आने वाले फरियादियों की सुनवाई कितनी सहज और समयबद्ध है, वायरल वीडियो ने इसी व्यवस्था पर बहस खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर स्पष्टीकरण मांगा है और अब आगे के निर्णय का इंतजार है।
