Breaking

रांझी में रंगदारी और मारपीट का 3000 रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार, एक साथी पहले ही जेल में

 


जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी (रंगदारी), गाली-गलौज और मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 3000 रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने न्यायिक रिमांड की मांग की है। मामले में एक आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है।

शराब के लिए मांगे थे 500 रुपए


पुलिस के अनुसार घटना 25 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:40 बजे की है। मझगवां, थाना पनागर निवासी मजदूर अजीत कोल उखरी से काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रांझी के मोनी तिराहा के पास वह रुका, तभी विकास मिश्रा, साहिल गोंटिया और राहुल चौधरी ने उसका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने अजीत से शराब पीने के लिए 500 रुपए रंगदारी की मांग की। पीड़ित ने पैसे देने से इनकार करते हुए कहा कि उसे उस दिन मजदूरी का भुगतान नहीं मिला है। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पकड़कर की मारपीट, जान से मारने की धमकी


पुलिस के मुताबिक, साहिल गोंटिया और राहुल चौधरी ने अजीत को पकड़ लिया, जबकि विकास मिश्रा ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के चिल्लाने पर उसके साथी अजय कोल और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

घटना के बाद अजीत कोल ने 27 जुलाई 2026 को रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 555/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की।

एक आरोपी जेल में, इनामी आरोपी गिरफ्तार


पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल गोंटिया को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

वहीं, घटना के बाद से विकास मिश्रा उम्र 26 वर्ष, निवासी सरस्वती स्कूल के पास, तुलसी नगर रांझी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 3000 रुपए का इनाम घोषित किया था।

6 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक/विवेचक सतीश कुमार साहू के निर्देशन में रांझी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।

तीसरे आरोपी की तलाश जारी

मामले का तीसरा आरोपी राहुल चौधरी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

और नया पुराने