Breaking

सिवनी में सर्राफा कारोबारी से 1.08 करोड़ की डकैती का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; पूरा माल बरामद

 


सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र में जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे-44 पर सर्राफा कारोबारी से हुई 1 करोड़ 8 लाख रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है। आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार दबिश दी। साथ ही 200 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

हाईवे पर बाइक रोककर की थी डकैती

घटना 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे ग्राम भोंगाखेड़ा वेयर हाउस के पास नेशनल हाईवे-44 पर हुई थी। लखनवाड़ा निवासी सर्राफा कारोबारी योगेन्द्र बघेल बंडोल बाजार से सोना-चांदी का व्यापार करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान दो बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों में से एक ने कारोबारी की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया, जबकि अन्य बदमाशों ने चाकू दिखाकर सोना-चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

बैग में था 26 किलो चांदी और 320 ग्राम सोना

पुलिस के अनुसार, कारोबारी के बैग में करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोना और नकदी रखी हुई थी। इन सभी की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 8 लाख रुपये बताई गई। वारदात के बाद कारोबारी ने बंडोल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अलग-अलग टीमों ने संभावित रास्तों और संदिग्ध ठिकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। नागपुर से लेकर जबलपुर और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की गई। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने डकैती के मामले में जितेन्द्र उर्फ जित्तू, भूपेन्द्र, योगेश, राज उर्फ आरव, दुर्गेश, आकाश और आदित्य उर्फ सिद्धू को गिरफ्तार किया है।

  • जितेन्द्र उर्फ जित्तू, पिता माधव बंजारा, उम्र 26 वर्ष, बंजारा मोहल्ला बंडोल — हत्या सहित 3 अपराध दर्ज।

  • भूपेन्द्र, पिता गौतम जंघेला, उम्र 20 वर्ष, बंधा, थाना बंडोल — 4 अपराध दर्ज।

  • योगेश, पिता राजकुमार साहू, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 7 समनापुर, थाना लखनवाड़ा — 4 अपराध दर्ज।

  • राज उर्फ आरव, पिता राजू उइके, उम्र 20 वर्ष, संजय कॉलोनी छपारा — 1 अपराध दर्ज।

  • दुर्गेश, पिता धनीराम नागोत्रा, उम्र 23 वर्ष, भैरोगंज कोतवाली — 3 अपराध दर्ज।

  • आकाश, पिता विजय डेहरिया, उम्र 19 वर्ष, संजय कॉलोनी छपारा — 2 अपराध दर्ज।

  • आदित्य उर्फ सिद्धू, पिता रविन्द्र लाहोरिया, उम्र 24 वर्ष, भैरोगंज कोतवाली — 9 अपराध दर्ज।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों से लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

और नया पुराने