नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि आज रात 10 बजे से दिल्ली में लॉकडाउन लागू हो जाएगा। यह बात उन्होंने उपराज्यपाल के साथ हुई बैठक के बाद कही। उन्होंने कहा कि जब कोरोना की तीसरी लहर में करीब साढ़े आठ हजार केस आ रहे थे तब प्रदेश का हेल्थ सिस्टम चरमरा गया था। अब चौथी लहर में तो प्रतिदिन का आंकड़ा 25 हजार तक पहुंच गया है जो कि अपनी सीमा पार कर रहा है। हमारा हेल्थ सिस्टम तनाव में आ गया है। अब अगर कड़े कदम नहीं उठाए गए तो सिस्टम चरमरा जाएगा। ऑक्सीजन की कमी इसका एक बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर इस चेन को तोड़ना जरूरी हो गया है।
अब संभालना मुश्किल होगा-
उन्होंने कहा, ‘‘उपराज्यपाल के साथ बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। दिल्ली का हेल्थ सिस्टम अब बड़ी मात्रा में मरीजों को संभालने में सक्षम नहीं है। अगर अभी लॉकडाउन नहीं लगाया तो दिल्ली बुरी स्थिति में पहुंच जाएगी। आज रात 10 बजे से अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। खाने-पीने और मेडिकल व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। 50 लोगों के साथ शादियां हो सकेंगी। इसके लिए अलग से पास जारी होंगे। प्रवासी मजदूरों से मेरी गुजारिश है कि ये छोटा सा लॉकडाउन है। दिल्ली छोड़कर मत जाइएगा। आने-जाने में ही पूरा समय खर्च हो जाएगा।
लॉकडाउन के दौरान ये होंगी-
बेवजह दिल्ली में बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। सिर्फ जरूरी क्षेत्र से जुड़े लोग बाहर आ पाएंगे। सभी प्राइवेट ऑफिस को वर्क फ्रॉम होम ही करना होगा। सरकारी दफ्तर में आधे ही अफसर आ सकेंगे।
वैक्सीन लगवाने जाने वाले लोगों को लॉकडाउन में छूट मिलेगी। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन जाने वाले लोगों को भी छूट मिलती रहेगी। उन्हें अपना वैलिड टिकट अपने साथ रखना होगा। मेट्रो, बस सर्विस चालू रहेंगी, लेकिन 50 यात्रियों को इजाजत मिलेगी।
बैंक, एटीएम और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। धार्मिक स्थलों को खुला रखा जाएगा, लेकिन किसी विजिटर के जाने की इजाजत नहीं होगी।
जरूरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को आईडी कार्ड दिखाने पर ही बाहर सफर करने दिया जाएगा। एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाले सार्वजनिक परिवहन जारी रहेंगे।
किसी भी सार्वजनिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन पर पाबंदी रहेगी। किसी स्टेडियम में कोई मैच या आयोजन बिना दर्शकों के किया जाएगा।
सभी थियेटर्स, ऑडिटोरियम, स्पा, जिम, स्वीमिंग पूल को बंद रहेंगे। पहले से तय शादियों को छूट मिलेगी। उसके लिए भी ई-पास लेना होगा।
