हाफलोंग (असम)। असम के दीमा हसाओ जिले में विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण की वोटिंग के दौरान एक मतदान केंद्र पर बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। निर्वाचन आयोग की सूची के अनुसार यहां सिर्फ 90 मतदाता पंजीकृत हैं लेकिन कुल 171 मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह मतदान केंद्र हाफलोंग विधानसभा क्षेत्र में है। इस जगह दूसरे चरण में एक अप्रैल को मतदान हुआ था। हाफलोंग में 74 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी लगने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र के पांच चुनाव अधिकारियों को निलंबित करके यहां दोबारा मतदान कराने का प्रस्ताव रखा है।
यह मतदान केंद्र खोटलिर एलपी स्कूल के 107 (ए) में था। हालांकि, इस मतदान केंद्र पर दोबारा चुनाव कराने के लिए अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। दीमा हसाओ के पुलिस उपायुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निलंबन आदेश दो अप्रैल को ही जारी किया गया था लेकिन इसकी जानकारी सोमवार को ही मिल सकी।
अधिकारियों ने एक समाचार एजेन्सी को बताया कि गांव के प्रधान ने निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और वह अपनी सूची लेकर वहां आ गया। इसके बाद गांव के लोगों ने उसी सूची के हिसाब से मतदान किया। हालांकि, अभी तक तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि चुनाव अधिकारियों ने गांव के प्रधान की मांग क्यों स्वीकार कर ली और वहां पर सुरक्षा कर्मी तैनात थे या नहीं तथा उनकी क्या भूमिका रही।
