मोहनखेड़ा आचार्य ऋषभचंद्र सूरीश्वर का देवलोक गमन : आज शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार - Khabri Guru

Breaking

मोहनखेड़ा आचार्य ऋषभचंद्र सूरीश्वर का देवलोक गमन : आज शाम 5 बजे होगा अंतिम संस्कार



इंदौर। धार जिले के मोहनखेड़ा महातीर्थ के ज्योतिषाचार्य, वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य भगवंत ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी का बुधवार देर रात 1:44 बजे इंदौर के अरबिंदो हॉस्पिटल में देवलोक गमन हो गया। उनकी पार्थिव देह को मोहनखेड़ा ले जाया गया है। मोहनखेड़ा तीर्थ से जारी पत्र के अनुसार, आचार्यश्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी का शुक्रवार को जन्मदिन था। आचार्यश्री के देवलोक गमन पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ ने शोक जताया है।

श्री आदिनाथ राजेंद्र जैन श्वेतांबर ट्रस्ट की तरफ से शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 39 मिनट पर विजय मुहूर्त में तीर्थ भूमि पर अग्नि संस्कार के विधि-विधान संपन्न कराने की बात कही थी। इधर प्रशासन ने मोहनखेड़ा महातीर्थ पहुंचकर आज गुरुवार शाम 5 बजे अंतिम संस्कार के लिए कहा। कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर अंतिम संस्कार कराने की तैयारी है। लेकिन भक्त शुक्रवार को अंतिम संस्कार की बात पर अड़े थे। दोनों पक्षों में बात चली। मामला भोपाल स्तर तक पहुंच गया है। बाद में ट्रस्ट ने गुरुवार शाम 5 बजे अंतिम संस्कार की बात मान ली।

पाट पर किया गया स्थापित, आनलाइन चढ़ावे होने की संभावना
श्री आदिनाथ राजेंद्र जैन ट्रस्ट मोहन खेड़ा मैनेजिंग ट्रस्टी सुजान मल जैन ने बताया कि तीर्थ पर उन्हें पाट पर स्थापित कर दिया गया है। संपूर्ण परिसर गुरु देव अमर रहे के जय घोष से गुंजायमान हो रहा है। आचार्य श्री का शिष्य परिवार भी मोहनखेड़ा पहुंच चुका है। आचार्य श्री अंतिम संस्कार आज ही शाम 5 बजे मोहनखेड़ा में होगा। अंतिम संस्कार के चढ़ावे आनलाइन होने की संभावना है। त्रिस्तुतिक जैन श्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंपालाल वर्धन भी मोहनखेड़ा पहुंच रहे हैं।

कुछ दिनों पहले इस कोरोना महामारी को देखते हुए आचार्य ऋषभचंद्र सूरीश्वर की प्रेरणा और कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के मार्गदर्शन में 300 बिस्तर वाले कोविड सेंटर की शुरुआत की गई थी। अस्पताल खुलते ही कई मरीजों को भर्ती कर उपचार भी शुरू किया गया था।

पेज