जबलपुर की बेटी अर्चना को एक बार फिर मिली प्रदेश महिला कांग्रेस की बागडोर - Khabri Guru

Breaking

जबलपुर की बेटी अर्चना को एक बार फिर मिली प्रदेश महिला कांग्रेस की बागडोर


भोपाल। तीन माह से खाली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ नेत्री अर्चना जायसवाल की नियुक्ति हो गई है। वे पूर्व में भी इस पद पर रह चुकी हैं। अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर इन दिनों काफी रस्साकशी चल रही थी। जिन नामों की चर्चा अध्यक्ष बनने के लिए की जा रही थी उनको पीछे छोड़ते हुए अर्चना को यह जिम्मेदारी दे दी गई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नोटिस जारी कर बताया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने जायसवाल के नाम पर सहमति जताई है।

मप्र में होने वाले उपचुनाव से पहले महिला कांग्रेस का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी इंदौर की अर्चना जायसवाल को दिया गया है। अर्चना जायसवाल ने अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा है कि वे महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि 2023 विधानसभा में एक बार फिर से कांग्रेस की वापसी होगी। अर्चना जायसवाल का मायका जबलपुर होने के कारण यहां की महिला कांग्रेस नेत्रियों में इस घोषणा के बाद उत्साह व खुशी देखी जा रही है।

अर्चना जायसवाल को महिला कांग्रेस की कमान सौंपने के पीछे उनके अनुभव तथा पूर्व कार्यकाल की सफलता को मुख्य वजह माना जा रहा है। उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। खास बात यह है कि वह पहले भी महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं और माना जाता है कि अपने करीब 5 साल के कार्यकाल में संगठन को मजबूती देने में उनका खासा योगदान रहा है।

बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद के लिए अर्चना जायसवाल दिग्विजय सिंह और कमलनाथ दोनों की पसंद थीं, इसीलिए शीर्ष नेतृत्व ने भी उनके नाम पर सहमति जताई। अर्चना 2015 में इंदौर के महापौर के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं। हालांकि, इस दौरान बीजेपी की मालिनी गौड़ चुनाव जीतने में कामयाब हुईं थी।

गौरतलब है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद बीते तीन महीने से खाली था। संगठन की अध्यक्ष रहीं मांडवी चैहान का कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान 29 अप्रैल को निधन हो गया था। वह पिछले दो टर्म से महिला कांग्रेस की अध्यक्ष थीं।

पेज