कांग्रेस को झटका : महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी से दिया इस्तीफा - Khabri Guru

Breaking

कांग्रेस को झटका : महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने पार्टी से दिया इस्तीफा




नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी से बड़ी खबर सामने आ रही है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी की वरिष्ठ नेता सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले उन्होंने अपना ट्विटर प्रोफाइल भी बदल दिया था जिसमें उन्होंने खुद को कांग्रेस की पूर्व सदस्य बताया। अब उनका पार्टी से इस्तीफा देने के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा गया पत्र भी सामने आया है जिसमें उन्होंने सभी नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। 

दरअसल सुष्मिता देव ने जब अपना ट्विटर बायो बदला तभी से कयासबाजी का दौर शुरू हो गया था। ऐसे में अब उनका पत्र भी सामने आया है जिसमें उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने की बात कही है। सुष्मिता देव का नाम कांग्रेस के उन नेताओं में शामिल था जिनका ट्विटर अकाउंट हाल ही में लॉक कर दिया गया था। कांग्रेस ने इन अकाउंट्स के लॉक होने पर सवाल भी खड़े किए थे। राहुल गांधी ने भी इस दौरान केंद्र पर निशाना साधा था। 

असम चुनाव के दौरान भी सामने आई थी इस्तीफे की खबर
इससे पहले असम चुनाव के समय मार्च में भी सुष्मिता देव के पार्टी से इस्तीफा देने की खबर सामने आई थी। हालांकि उस समय इन खबरों को अफवाह बताया गया था। कांग्रेस ने मीडिया के एक वर्ग में सुष्मिता देव के इस्तीफे को लेकर आई खबरों को खारिज करते हुए कहा था कि महिला कांग्रेस की प्रमुख पार्टी के साथ हैं। AIUDF के साथ सीट बंटवारे पर पार्टी नेताओं में मतभेद के बीच सुष्मिता के इस्तीफे की खबर आई थी।

पेज