
जबलपुर। 15 अगस्त की देर रात धार्मिक आयोजन के दौरान शहनाई बजाते हुए जुलूस निकालने पर हंगामा हो गया। दरअसल, पुलिस-प्रशासन ने पहले ही जुलूस निकालने पर पाबंदी लगा रखी है। जुलूस को रोके जाने पर युवक भड़क गया। पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई। देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया। क्षेत्र के लाेग बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और विनय सक्सेना भी पहुंच गए। सभी टीआई पर माफी मांगने का दबाव बनाने लगे। टीआई ने ये कहते हुए इनकार कर दिया, उन्होंने ड्यूटी निभाई है। बाद में सीएसपी कोतवाली ने मामला संभाला।
पुलिस के मुताबिक फखरुद्दीन नाम का व्यक्ति झाड़-फूंक करता है। मोहर्रम के पांचवें पर वे शहनाई बजवाते हुए आधी रात को निकले थे। पुलिस ने पिछले दिनों बैठक में धार्मिक जुलूस को लेकर मना भी कर दिया था। बावजूद 15-20 लोग शहनाई लेकर निकले। कुछ लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। उसमें शामिल मदार टेकरी निवासी जमील पुलिस से बहस करने लगा। सूचना पर कोतवाली टीआई अनिल गुप्ता मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले गई।

कोतवाली थाने में देर रात पहुंचे लोग
पुलिस की कार्रवाई पर हंगामा
कार्रवाई के विरोध में कुछ लोग थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। सूचना पाकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और विनय सक्सेना भी पहुंच गए। सभी पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। वे टीआई द्वारा माफी मांगने पर अड़े थे। इसे लेकर दो घंटे तक थाने में हंगामा होता रहा। बाद में एएसपी गोपाल खांडेल व सीएसपी कोतवाली दीपक मिश्रा पहुंचे। विधायकों सहित सभी पक्षों से बात कर मामला सुलझाया। विवाद कर रहे जमील को भी छोड़ दिया गया।
कई थानों का बल पहुंच गया था
कोतवाली थाने में हंगामे की सूचना के बाद कई थानों का पुलिस बल वहां पहुंच गया था। एएसपी गोपाल प्रसाद खांडेल और सीएसपी दीपक मिश्रा के मुताबिक कोतवाली शराब दुकान के समीप एक गली में चल रहे धार्मिक आयोजन के बाद लोग एकत्र होकर सराफा बाजार की तरफ निकल रहे थे, जबकि इस तरह के आयोजन की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। इसी के चलते टीआई उन्हें रोकने पहुंचे थे। जिसे तूल देते हुए कुछ लोग थाने पहुंचे थे। गलतफहमी दूर होने के बाद लोग अपने घरों को लौट गए।