जबलपुर। जिले के शहपुरा में BMO जोया खान ने पति इमरान खान के साथ अस्पताल में फिल्मी गाने पर डांस किया, जबकि वहां गर्भवती महिलाएं भर्ती हैं। लेकिन BMO ने इसकी परवाह नहीं की। सलमान और कटरीना कैफ के एक गाने पर दोनों ने ठुमके लगाए।
BMO और उनके पति के डांस का ये वीडियो 26 जनवरी की शाम का बताया जा रहा है। अस्पताल में गक्कड़-भर्ता (बाटी-भर्ता) की पार्टी रखी गई थी। गीत-संगीत के लिए साउंड बॉक्स भी लगाया गया था। पार्टी के बाद अस्पताल परिसर में ही गीत-संगीत हुआ।
अस्पताल में भर्ती मरीजों का भी नहीं रखा ख्याल
अस्पताल में प्रसव के लिए महिलाएं भर्ती थीं। इसके अलावा दूसरे मरीज भी थे। बावजूद उनका ख्याल नहीं रखा गया। साउंड की आवाज से मरीज परेशान होते रहे।

शहपुरा में BMO पति की चर्चा !
जबलपुर के शहपुरा में BMO पति की चर्चा सबसे ज्यादा होती है। यहां BMO जोया खान से ज्यादा उनके पति इमरान खान की पूछपरख होती है। अस्पताल के पास ही इमरान खान का पैथोलॉजी सेंटर है। इसकी आड़ में वो अस्पताल में अधिक समय देते हैं। अस्पताल के हर आयोजन में उनकी मौजूदगी और दखल अधिक रहता है।

बीएमओ पति इमरान खान पर बेलखेड़ा निवासी रमेश रजक को धमकाने का लग चुका है आरोप।
नसबंदी पीड़ित को धमकाने का लग चुका है आरोप
BMO के पति इमरान खान पर नसबंदी पीड़ित महिला के पति को धमकाने का आरोप भी लग चुका है। बेलखेड़ा निवासी रमेश रजक पत्नी की नसबंदी कराने शहपुरा के अस्पताल लाया था। वहां उसकी पत्नी को बेहोश कर ऑपरेशन के लिए कक्ष में लिटाया गया था। लेकिन ऑपरेशन नहीं किया। बाद में आने की बोला गया। काफी देर बाद महिला को होश आया था। इस पर रमेश रजक ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर दी। जिसके बाद इमरान खान रमेश रजक को धमकाने लगा कि वह शिकायत वापस ले ले, नहीं तो FIR दर्ज हो जाएगी।
BMO बनने के लिए कुछ डाॅक्टर कर रहे षड्यंत्र
CMHO डॉक्टर रत्नेश कुरारिया के मुताबिक गणतंत्र दिवस की शाम गक्कड़-भर्ता पार्टी का आयोजन हुआ था। ये वीडियो उस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का है। दो साल से कोविड की ड्यूटी करके डॉक्टर तनाव में आ चुके हैं। इस तरह का हल्का मनोरंजन भी जरूरी है। अस्पताल के कुछ डॉक्टर BMO बनने के लिए षड्यंत्र में लगे रहते हैं। वहीं, इस तरह का वीडियो बनाकर हतोत्साहित करते रहते हैं। डॉ. जोया ने तो इस्तीफा देने की बात कह दी थी, लेकिन मेरे समझाने से मानी। फिर भी वीडियो सामने आया है, तो इसकी विधिवत जांच करेंगे।