
चंडीगढ़। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल चुनाव लड़ने वाले देश के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार बन गए हैं। उन्होंने सोमवार को पंजाब के मुक्तसर जिले की लंबी सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने बताया कि पांच बार मुख्यमंत्री रहे बादल ने मुक्तसर जिले के मलोट के रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष कागजी कार्रवाई पूरी की।
94 साल की उम्र में नामांकन भरने के साथ ही प्रकाश सिंह बादल केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन के सबसे उम्रदराज उम्मीदवार होने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। माकपा नेता नंदन 92 साल के थे जब उन्होंने साल 2016 में विधानसभा चुनाव लड़ा था। प्रकाश सिंह बादल 11 बार विधायक रह चुके हैं और 1997 से लंबी सीट पर लगातार चुनाव जीत रहे हैं।
2017 में मिली थी करारी हार
94 साल की उम्र में भी प्रकाश सिंह बादल पूरी तरह से फिट हैं और वो चुनावी मौसम में रोजाना हजारों लोगों से मिलते हैं। पंजाब में 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रकाश सिंह बादल की पार्टी को सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इस चुनाव में अकाली दल को केलव 15 सीटें मिली थीं। इसी के साथ उन्हें पंजाब विधानसभा में मुख्य विपक्षी पार्टी का तमगा भी गंवाना पड़ा था। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए 20 फरवरी को वोटिंग होगी और 10 मार्च को मतगणना होगी।