
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की सूचना जारी हो गई है। 7 मार्च से शुरू हो रहा है और 25 मार्च तक चलना है। इस दौरान मध्य प्रदेश का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इस सत्र में 13 बैठकें होंगी। आज इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दरअसल मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विधानसभा का सत्र बुलाए जाने की अधिसूचना जारी की है।इस बार 19 दिन बजट सत्र होगा। इस दौरान अन्य जरूरी कामों को भी निपटाया जाएगा। इस सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। 7 मार्च को सुबह 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा। वहीं 9 और 10 मार्च को अभिभाषण पर चर्चा होंगी। वहीं शिवराज सरकार ने बजट को लेकर खास तैयारियां की है। इस बार का बजट किसानों, स्वास्थ्य, शिक्षा के साथ ही रोजगार पर केंद्रित होगा। इसका सकेत सीएम शिवराज सिंह पहले ही दे चुके हैं। और साथ ही मंत्रियों, विधायकों से भी सुझाव मांग गए हैं।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में राज्य बजट को लेकर सियासत शुरू हो गई है। सुझाव नहीं लिए जाने से नाराज विपक्षी विधायकों ने शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बजट पर सुझाव नहीं लिए जाने से कांग्रेस विधायक नाराज हैं। दरअसल कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर बैठक में कांग्रेस विधायकों से भी प्रस्ताव बुलाये जाने की मांग की है।