
सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में एक कारखाने में तांबे के स्क्रैप के पिघलने से उत्पन्न जहरीले धुएं के कारण 30 महिला कर्मचारी बीमार हो गईं हैं। घटना सोनीपत के पंची गुजरां गांव के पास बादशाही रोड स्थित हुंडई मेटल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शनिवार को हुई। दो की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले आज भट्टी में धातु को पिघलाया जा रहा था। इस प्रक्रिया में बड़ी मात्रा में रसायनों का उपयोग शामिल है। कबाड़ के पिघलने के दौरान भट्टी से जहरीली गैस रिसने लगी तो कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ गई। जहरीले धुएं में सांस लेने से 30 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। सभी महिला कर्मचारी स्क्रैप मेल्टिंग फर्नेस के पास छंटाई का काम कर रही थीं।
बीमार पड़ने वाले सभी श्रमिकों को पास के एक निजी अस्पताल और सीएचसी गनौर में भर्ती कराया गया है और वे निगरानी में हैं। दो महिलाओं की हालत गंभीर है, जिन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी महिला का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। फिलहाल गनौर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।