टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर 48 लाख की ठगी करने वाले आरोपी अमित खम्परिया का पुलिस ने निकाला जुलूस - Khabri Guru

Breaking

टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर 48 लाख की ठगी करने वाले आरोपी अमित खम्परिया का पुलिस ने निकाला जुलूस


जबलपुर। टोल प्लाजा ठेके में पार्टनर बनाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में मदनमहल पुलिस ने अमित खम्परिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इससे पहले आरोपी का पुलिस ने जुलूस निकाला। खम्परिया पर 48 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगा है। इसके पहले मंडला में टोल प्लॉजा संचालन के दौरान पर्यटकों से अवैध तरीके से टोल वसूलने के मामले उसे पकड़ा गया था तथा आजकल जमानत पर है।

मदनमहल पुलिस के मुताबिक संजीवनी नगर निवासी अमित खम्परिया ने टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर नेपियर टाउन निवासी बिल्डर सचिन गुप्ता से एक करोड़ से ज्यादा रकम ली थी। जिसमें से कुछ रकम वापिस कर दी जबकि अभी भी 48 लाख रुपए उससे लेना बाकी है। पीड़ित को न तो अमित खम्परिया ने पार्टनर बनाया और न ही उसके पैसे वापस कर रहा था। आरोपी धमका भी रहा था।

गाइडलाइन के विपरीत किया था अनुबंध
एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार भी कोई ठेकेदार किसी को पार्टनर नहीं बना सकता है। इसी मामले में मदनमहल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया था। आरोपी को पुलिस ने 24 फरवरी को ही गिरफ्तार कर लिया था। आज उसे कोर्ट में पेश करने से पहले उसका जुलूस निकाला गया।

समर्थक पहुंचे थे कोर्ट
अमित खम्परिया का जुलूस निकाले जाने की खबर पाकर उसके समर्थक भी बड़ी संख्या में पहुंच गए थे। कई ने तो कोट उतारकर उसके चेहरे को मीडिया से बचाते हुए दिखे। हालांकि पुलिस आरोपी को काफी हाउस से कोर्ट तक पैदल जुलूस की शक्ल में ले गई। आरोपी अमित खम्परिया के खिलाफ कुछ और शिकायतें भी पुलिस के पास पहुंची है। जल्द ही उस पर कुछ और एफआईआर दर्ज हो सकती है।

पेज