
अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक बार फिर तीखा बयान दिया है। भोपाल सांसद ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं! उनके एक बयान का वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो कह रही हैं- इन अविश्वासियों ने हमेशा ऐसा ही किया है। उनका साम्यवादी इतिहास है… जैसे कमलेश तिवारी ने कुछ कहा तो वह मारा गया, किसी और (नुपुर शर्मा) ने कुछ कहा और उन्हें धमकी मिली। लेकिन ये भारत है और भारत हिंदुओं का है और सनातन धर्म यहां हमेशा रहेगा।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और प्रयागराज में नुपुर शर्मा की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। जिसका वीडियो भी सामने आया है। सहारनपुर में भारी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस विरोध प्रदर्शन करने वालों को आगे बढ़ाते हुए दिखाई दी।
प्रयागराज में मस्जिद के बाहर भारी संख्या में लोग एकजुट हुए और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की घटना भी हुई।