
मातृभूमि की रक्षा के लिए हमारे देश के जवान अपना सब कुछ न्योछावर कर देश की सीमा पर तैनात रहते हैं। यह वही हमारे जवान हैं जिनकी बदौलत हम अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। विषम परिस्थितियों में भी वे हमारे देश की रक्षा के लिए तैनात रहते हैं। इन सबके बीच दुखद खबर यह है कि अरुणाचल प्रदेश में भारत चीन सीमा पर तैनात सेना का एक जवान पिछले 13 दिनों से लापता है। अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि जो जवान लापता है, वह उत्तराखंड के देहरादून का निवासी है। जैसे ही परिवार को पता चला कि उसके घर का सदस्य 13 दिनों से लापता है, परेशानी बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक के लापता जवान का नाम प्रकाश सिंह राणा है जो पिछले 29 मई से लापता है। सेना के अधिकारियों ने भी उनकी पत्नी को फोन कर इसकी सूचना दे दी थी। जवान का पता लगाने के लिए लगातार खोजबीन की जा रही है। लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। मूल रूप से रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ के निवासी राणा 7वीं गढ़वाल राइफल्स के जवान हैं जो अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर ठकला चौकी पर तैनात थे। राणा पिछले 13 दिन से लापता हैं, जिससे उनकी पत्नी ममता औरदो बच्चों अनुज (10) व अनामिका (7) सहित पूरा परिवार काफी चिंतित है।
सहसपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने शुक्रवार को यहां सैनिक कॉलोनी में स्थित राणा के घर जाकर परिवार से मुलाकात की। पुंडीर ने कहा कि मैंने इस बारे में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट से बात की है और उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि कुछ किया जाएगा। विधायक ने कहा कि उन्होंने लापता जवान के बारे में जानकारी केंद्रीय मंत्री को भेज दी है।