
भोपाल मध्य प्रदेश में नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। डॉ. गोविंद सिंह ने मंगलवार सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उनको सुविधा देने की बजाए अपमानित कर रही है। इस पर मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले गोविंद सिंह कांग्रेस विरोधी रहे है। वे परिस्थिति वश कांग्रेस में है।
डॉ. गोविंद सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा। इसमें सिंह ने लिखा कि राहुल गांधी की यात्रा मध्य प्रदेश में दाखिल होने वाली है। इसकी तैयारियों की जानकारी के लिए बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन के दौरे पर गया था। लेकिन वाहन और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई। कोई प्रशासनिक अधिकारी मिलने भी नहीं आया। उन्होंने आगे लिखा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होता है। यदि ऐसे ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपमानित किया जाता रहा तो नेता प्रतिपक्ष के नाते मिलने वाली सभी सुविधाएं वापस लौटा दूंगा।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद भी मेरे लिखे पत्रों को जवाब तक नहीं दिया जाता। ना वाहन और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। जबकि 2003 विधानसभा चुनाव में लहार विधानसभा क्षेत्र में दो व्यक्तियों की हत्या हुई थी। 2013 और 2018 में मेरे निवास पर गोलियां चलाई गई थी। 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान गोहद विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक माखनलाल सिंह की हत्या हो चुकी है।
कांग्रेस में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे- मंत्री भूपेंद्र सिंह
वहीं, इस मामले पर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि गोविंद सिंह कांग्रेस में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे है। वे सुलझे हुए नेता है। उनको कांग्रेस में घुटन महसूस होती है। उन जैसे नेता यदि भाजपा में होंगे तो निश्चित रूप से हम लोगों को अच्छा होगा। भूपेंद्र सिंह ने गोविंद सिंह को भाजपा में आने का आमंत्रण देने के सवाल पर कहा कि वो पहले से कांग्रेस विरोधी है। परिस्थिति वश कांग्रेस में गए है।