
नई दिल्ली। हाल में ही हुए गुजरात में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जबरदस्त तरीके से हार का सामना करना पड़ा। गुजरात चुनाव में इस बार का कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है। इसको लेकर कांग्रेस पर कई सवाल भी उठे राजनीतिक विश्लेषक भी दावा करते रहे कि उसे गुजरात में कांग्रेस की कमजोर होने की वजह से आम आदमी पार्टी मजबूत हुई थी। कांग्रेस ने खुद को मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाएं। इन सबके बीच गुजरात में खराब चुनाव प्रदर्शन और आगे के सुधार को लेकर अब कांग्रेस हरकत में आती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसको लेकर एक कमेटी बना दी है। इस कमेटी में 3 लोगों को शामिल किया गया है।
इस कमेटी की अध्यक्षता महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री नितिन राउत करेंगे। नितिन राउत के अलावा इसमें बिहार विधानसभा के सदस्य शकील अहमद खान और सांसद सप्तगिरि उलका भी मौजूद हैं। यह समिति गुजरात में हार के कारण पर मंथन करेगी और साथ ही साथ आगे सुधार के लिए कौन से कदम उठाए जाएं, इस पर भी अपनी राय देगी। यह समिति 2 सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को सौपेगी। आपको बता दें कि गुजरात चुनाव से ठीक पहले मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कांग्रेस लगातार गुजरात में अच्छे प्रदर्शन का दावा कर रही थी। लेकिन चुनावी नतीजे जब सामने आए तो पार्टी सिर्फ 17 सीटों पर सिमट गई। पार्टी के वोट प्रतिशत में भी काफी गिरावट देखने को मिला।
2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने गुजरात में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर भी दी थी। भाजपा पहली बार 100 के भीतर सिमट गई थी। हालांकि, इस बार कहीं ना कहीं कांग्रेस कमजोर दिखाई दे रही थी। कांग्रेस के वोट प्रतिशत में गिरावट आई। वहीं आम आदमी पार्टी की वजह से भी कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा। दूसरी ओर भाजपा की बात करें तो वह सातवीं बार लगातार चुनाव जीतने में कामयाब रही। भाजपा ने 182 सीटों वाली गुजरात में 156 सीटों पर एकतरफा जीत हासिल की।