
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक मई को कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। इस जनसभा को संबोधित करने के दौरान उन्होंने अजान के दौरान अपना भाषण भी रोक दिया। सिर्फ यही नहीं उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों को भी चुप रहने का इशारा किया। उन्होंने अन्य लोगों से भी शांत रहने की अपील की।
दरअसल राहुल गांधी जनसभा को संबोधित कर रहे थे इस दौरान उन्हें अजान की आवाज सुनाई दी। इसका अहसास होते ही उन्होंने अपना भाषण रोक दिया। बता दें कि राहुल गांधी को कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने अजान के संबंध में पास आकर जानकारी दी जिसके बाद राहुल गांधी चुप हो गए वहीं अन्य लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की।
भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह समझना चाहिए कि कर्नाटक चुनाव उनके बारे में नहीं है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के इस आरोप को लेकर यह बात कही कि कांग्रेस की ओर से उन्हें 91 बार अपशब्द कहे गए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से कहा कि उन्हें अपने बारे में बात करने के बदले कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के काम और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने यहां तुमकुरु जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, आप (प्रधानमंत्री मोदी) कर्नाटक में चुनाव प्रचार करने के लिए आते हैं, लेकिन आप कर्नाटक के बारे में नहीं बोलते हैं। आप अपने बारे में बोलते हैं। आपको यह बताना चाहिए कि आपने पिछले तीन साल में कर्नाटक में क्या किया? आपको अपने भाषणों में इस बारे में बताना चाहिए कि अगले पांच साल में आप क्या करेंगे, आप युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए क्या करेंगे?’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, यह चुनाव आपके बारे में नहीं है, यह कर्नाटक के लोगों और उनके भविष्य को लेकर है।
भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि बीते 3 वर्षों में भाजपा के कार्यकाल के दौरान कर्नाटक में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोग इस शासन को 40 प्रतिशत सरकार कहते है क्योंकि यहां हर काम के लिए 40 प्रतिशत कमिशन वसूला जाता है। इसकी जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी है, मगर उन्होंने इस पर कुछ नहीं किया। गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव का समय अब नजदीक आ रहा है। यहां मतदान 10 मई को किया जाना है जिसके मद्देनजर सभी पार्टियां जोर शोर से चुनाव प्रचार करने में जुटी हुई है।
Tags
BJP-CONGRESS
Country
Karnatka
PM Narendra Modi
Priyanka Gandhi
Rahul Gandhi
Sonia Gandhi
State Election
State News
Top