Breaking

शराब घोटाले को लेकर रमन सिंह का राज्य सरकार निशाना, बोले- हर दिन भ्रष्टाचार उजागर हो रहा


रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर जबरदस्त तरीके से हमलावर है। सत्ता में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है और यही कारण है कि भाजपा उस पर निशाना साध रही है। आज प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि हर रोज राज्य में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में दिन-प्रतिदिन भ्रष्टाचार उजागर हो रहे हैं, हिंदुस्तान में कोई ऐसी सरकार नहीं होगी जो खुद अवैध धंधा करे।

भाजपा नेता ने कहा कि ये छत्तीसगढ़ अकेला उदाहरण है जहां सरकार के संरक्षण में अवैध रूप से 30% अवैध शराब बेची जाती है जिसका 2000 करोड़ रुपए का प्रमाण न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अब केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना चाहिए कि ऐसे व्यक्ति को पद पर बने रहने का अधिकार है कि नहीं? उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस माफियाओं को बचाने के लिए उछलकूद में लगी हुई है और फिर भूपेश बघेल कहते हैं कि उन्हें फँसाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने तंज सकते हुए कहा कि अरे भाई! अब मौसेरे भाइयों को बचाओगे तो दाढ़ी का तिनका तो ढूँढा ही जायेगा न।

इससे पहले रमन सिंह ने कहा था कि भाजपा की सरकार ने सन 2017 में अवैध शराब को रोकने की पॉलिसी बनाई जिसे भूपेश बघेल ने सन 2019 में बदलकर अवैध शराब के धंधे को शुरू करवाया। उन्होंने कहा था कि कोयले की दलाली और चावल घोटाले से लेकर ₹2000 करोड़ के शराब घोटाले तक अब सबका हिसाब शुरू हो चुका है आज ईडी कर रही है, कल जनता करेगी।
और नया पुराने