
सागर। जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक दलित युवक की कुछ लोगों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। विपक्षी दल कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बृहस्पतिवार को खुरई थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा। हालांकि, भाजपा ने कहा कि मामले में तुरंत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय उइके ने बताया, ‘‘खुरई थाना क्षेत्र में एक युवक का पुरानी दुश्मनी को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। दूसरे पक्ष द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। फिर जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” वहीं, खुरई ग्रामीण थाने के प्रभारी नितिन पाल ने कहा, ‘‘मरने वाले युवक की पहचान सागर जिले के बरोदिया नैनागिर गांव निवासी नितिन अहिरवार (18) के रूप में हुई है। इस मामले में कुल 13 आरोपी हैं, जिनमें से नौ नामजद में से आठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गुंडों ने उसकी मां को भी नहीं बख्शा। सागर में संत रविदास मंदिर बनवाने का ढोंग रचने वाले प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) मध्य प्रदेश में दलितों और आदिवासियों के लगातार होते उत्पीड़न एवं अन्याय पर चुप्पी बनाए रखते हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) केवल कैमरे के सामने वंचितों के पैर धोकर अपना गुनाह छिपाने की कोशिश करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने मध्य प्रदेश को दलित अत्याचार की प्रयोगशाला बना रखा है।
वहीं, बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहां अभी हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने संतगुरु रविदास जी का स्मारक बनाने की नींव बड़े तामझाम से रखी, वहीं उसी क्षेत्र में उनके भक्तों के साथ जुल्म-ज्यादती चरम सीमा पर है, जो भाजपा व उसकी सरकार के दोहरे चरित्र का जीता-जागता प्रमाण है।’’
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी इस घटना की निंदा की और पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा देने की मांग की। सागर की घटना पर विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर मध्य प्रदेश भाजपा के सचिव रजनीश अग्रवाल ने पीटीआई- से कहा कि हमारी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने अपने अधिकार क्षेत्र में होने वाले हर अपराध के मामले में त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कानून का राज है और इस मामले में भी तुरंत कार्रवाई की गई।
Tags
BHOPAL
BJP-CONGRESS
Country
CRIME NEWS
jabalpur
Kamalnath
Madhya Pradesh
Mallikarjun Kharge
Mayawati
Police
Sagar
State News
Top