Breaking

पुलिस चौकी में घुसा सांप, मचा हड़कंप

 

राकेश नगाइच की रिपोर्ट

जबलपुर। कटंगी रोड स्थित बेलखाडू पुलिस चौकी में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक तीन फीट लंबा काले रंग का सांप चौकी के मालखाने में घुस आया। घटना करीब 1:30 बजे की है, जब एक पुलिसकर्मी मालखाने में सामान रखने गया था। वहां उसने सांप को कुंडली मारे बैठे देखा, जिसके बाद डर के कारण सभी पुलिसकर्मी तुरंत कमरे से बाहर निकल आए।

कुछ समय तक चौकी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने पास के सपेरे मुनीम नगवंशी को बुलवाया। सपेरे ने मौके पर पहुंचकर मालखाने की सघन तलाशी ली और सांप को कागज के गत्तों के बीच छिपा हुआ पाया।

सपेरे ने पूरी सावधानी से सांप को पकड़ा और उसे एक डिब्बे में बंद कर जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया। इस राहत भरे घटनाक्रम के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने चैन की सांस ली। बताया गया कि बरसात के मौसम में सूखी जगह की तलाश में सांप चौकी में घुस आया था।

और नया पुराने