Breaking

होली के जश्न के बीच नाबालिग से अभद्रता, पुलिस की संवेदनहीनता आई सामने


जबलपुर
। शहर में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घमापुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि होली के दिन उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता की गई और उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता की मां का आरोप है कि पुलिस ने इस गंभीर मामले में एफआईआर दर्ज करने के बजाय इसे “होली का त्यौहार” बताकर टालने की कोशिश की।

घटना का विवरण
महिला के अनुसार, 4 तारीख की दोपहर जब उनका परिवार घर के सामने होली खेल रहा था, तभी पीछे रहने वाला हनी बेन नाम का युवक वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवक और उसके साथ आई कुछ महिलाओं ने नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट की और उसके कपड़े तक उतार दिए।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी हनी बेन पहले भी उनकी बेटी को डरा-धमकाकर भगा ले गया था, जिसके चलते उसके खिलाफ धारा 376 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद से वह लगातार छात्रा को परेशान कर रहा था और उस पर तेजाब फेंकने व जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
महिला का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर घमापुर थाने पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ ने यह कहकर रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया कि “होली का त्यौहार है, इतना तो चलता है।” इसके बाद हताश होकर महिला ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।

महिला के अनुसार,
“मैंने एसपी साहब को घटना का वीडियो भी दिखाया। उनके हस्तक्षेप और निर्देश के बाद भी थाने में हमें घंटों बिठाकर रखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।”

न्याय की मांग
शीतला माई, बम्बा देवी मंदिर क्षेत्र की रहने वाली महिला अब अपनी नाबालिग बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।

और नया पुराने