जबलपुर। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल एवं युवा कांग्रेस द्वारा सोमवार को मालवीय चौक से नगर निगम मुख्यालय तक विशाल जनआक्रोश मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर तालाबंदी की।
आयोजित विराट प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री कौशल्या गोटिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा एवं नगर कांग्रेस महासचिव तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी स्वतंत्रता संग्राम प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज नामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में पेयजल संकट, खराब सड़कों, सफाई व्यवस्था, जलभराव, स्ट्रीट लाइट की समस्या और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की।
नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से वाटर कैनन का उपयोग किया गया। इसके बाद पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शहर की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

