शातिर बदमाश 'छिंगा' पर NSA की कार्रवाई, केंद्रीय जेल भेजा गया - Khabri Guru

Breaking

शातिर बदमाश 'छिंगा' पर NSA की कार्रवाई, केंद्रीय जेल भेजा गया

 



जबलपुर। शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत अधारताल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने कुख्यात बदमाश अभिषेक पटेल उर्फ 'छिंगा' (23) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर निवासी अभिषेक पटेल को पहले संयुक्त कार्रवाई के दौरान 38 चाइना चाकुओं के साथ पकड़ा गया था। इस मामले में उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

13 आपराधिक मामलों का है आरोपी

पुलिस का कहना है कि अभिषेक पटेल वर्ष 2020 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, अवैध हथियार रखने और हथियारों की तस्करी सहित 13 गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक कृत्यों से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।

एसपी की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

आरोपी की आपराधिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दंडाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

केंद्रीय जेल में किया गया निरुद्ध

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह तथा सीएसपी अधारताल राजेश्वरी कौरव के निर्देशन में पुलिस टीम ने एनएसए वारंट का तामील कर आरोपी को गिरफ्तार किया और विधिवत कार्रवाई पूरी करने के बाद केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करा दिया।

पेज