जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। रात 9 बजे से शनिवार तड़के 2 बजे तक चले इस अभियान में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों सहित पुलिस अधिकारियों की टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 229 वारंट तामील किए गए। इनमें 108 गैर-मियादी वारंट, 74 गिरफ्तारी वारंट और 47 जमानती वारंट शामिल हैं। लंबे समय से पुलिस से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर भी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में उनके कब्जे से 51 लीटर कच्ची शराब तथा 116 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी तथा जिले के सभी नगर पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उनका कहना है कि जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाना आवश्यक था और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडा-बदमाशों की भी जांच की। देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई।
