Breaking

जबलपुर में हर घर तिरंगा अभियान का आगाज, बच्चों ने रैली निकालकर दिया देशभक्ति का संदेश

 


जबलपुर। जिले में 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान की रविवार को उत्साहपूर्ण शुरुआत हुई। अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम्’ का जयघोष किया और देशभक्ति का संदेश दिया।

कई आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों ने तिरंगा यात्रा और रैलियां निकालकर लोगों को हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक किया। महिला एवं बाल विकास विभाग से अनुदान प्राप्त संस्थाओं में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकुमारी बाई बाल निकेतन और पश्चिम मध्य रेलवे की संस्था जागृति में बच्चों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।

मॉडल स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कार्यालयों में भी दिखा उत्साह

पं. लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अभियान में सहभागिता की।

तीन पत्ती चौराहे से निकली विशाल तिरंगा यात्रा



संयुक्त मसीह समाज की ओर से रविवार को शहर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ तीन पत्ती चौराहे से हुआ। इसमें महापौर जगत बहादुर सिंह अन्जू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य, निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और अपर कलेक्टर रविशंकर राय सहित समाज के युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा मालवीय चौक, करमचंद चौक, वंदे मातरम् चौक और सिविक सेंटर से होते हुए महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल बनाया।
और नया पुराने