Breaking

9 अक्टूबर को होगा 1000 औषधीय पौधों का रोपण


जबलपुर। समरसता सेवा संगठन द्वारा इस बार समरसता गरबा महोत्सव का आयोजन शारदेय नवरात्र की बजाय चैत्र नवरात्र में करने का निर्णय लिया गया है। संगठन पदाधिकारियों के अनुसार सर्व समाज की मातृशक्ति से मिले सुझावों के बाद यह निर्णय लिया गया। संगठन का कहना है कि गरबा मां भगवती की आराधना से जुड़ा पारंपरिक आयोजन है, इसलिए इसे भक्तिमय और पारंपरिक स्वरूप में आयोजित करने के उद्देश्य से चैत्र नवरात्र का समय तय किया गया है।

यह जानकारी संगठन के अध्यक्ष पवन पांडे और सचिव मनोज सेठ ने गोपाल सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए समरसता कजलियां महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 4 अक्टूबर को जानकीरमण कॉलेज, आगा चौक में शाम 4 बजे आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। निबंध, थाली सजाओ और सांस्कृतिक वेशभूषा प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को दो वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

घुघरा में बनेगी समरसता भृगु आरोग्य वाटिका
प्रकृति सेवा अभियान के तहत संगठन ने 9 अक्टूबर को नर्मदा तट घुघरा-लम्हेटाघाट क्षेत्र में करीब एक हजार औषधीय पौधे लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए ‘समरसता भृगु आरोग्य वाटिका’ तैयार की जा रही है। अभियान में कृषि विश्वविद्यालय और भेड़ाघाट नगर परिषद का सहयोग लिया जा रहा है। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत नीम, तुलसी, गिलोय, आंवला, अशोक, अर्जुन, बेल, शतावरी और एलोवेरा सहित स्वदेशी औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। संगठन ने इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ नर्मदा सेवा और प्रकृति सेवा से जोड़ने की पहल बताया।

दिसंबर में होगी समरसता क्रिकेट प्रीमियम लीग
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि युवाओं की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आगामी दिसंबर में समरसता क्रिकेट प्रीमियम लीग का आयोजन किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारियों ने सामाजिक एवं प्रकृति सेवा के अभियानों में नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से सहभागिता की अपील की।
पत्रकार वार्ता में पं. रोहित दुबे, अखिल मिश्रा, उज्जवल पचौरी, राजीव राठौर और शिवरतन पटेल उपस्थित रहे।
और नया पुराने