सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में संदिग्ध जहरीली और अवैध शराब के सेवन से मौतों का मामला सामने आया है। अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 24 मरीजों का इलाज अभी जारी है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने शनिवार रात शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान कुछ लोगों ने दम तोड़ दिया।
मरीजों में दिखे गंभीर लक्षण
अस्पताल पहुंचाए गए मरीजों में शरीर नीला पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आने की बात कही जा रही है। घटना के बाद प्रशासन ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग अभियान शुरू कर दिया है। शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है, ताकि समय रहते संभावित मरीजों की पहचान की जा सके।कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी प्रकार की शराब का सेवन करने वाले लोग, भले ही उनमें फिलहाल कोई लक्षण दिखाई न दे रहे हों, एहतियात के तौर पर स्क्रीनिंग जरूर कराएं। उल्टी, सिरदर्द, बुखार या किसी अन्य तरह की परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सिविल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
6 शराब दुकानें सील, सैंपल लिए जाएंगे
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। संबंधित शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।परिजन का दावा- आधे घंटे में बिगड़ी हालत
बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी के चचेरे भाई की भी इस घटना में मौत हुई है। रामकुमार के अनुसार, उनके गांव में चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों ने एक साथ शराब पी थी। इसके बाद अचानक उनके शरीर ठंडे पड़ने लगे और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का किया दौरा
मौतों की सूचना मिलने के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने नौराज और गूगरा खुर्द गांवों का दौरा किया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। शराब जहरीली थी या मौतों के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता जांच और सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
