Breaking

शराब के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, दो बदमाशों ने की मारपीट

 


जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखकर घर लौट रहे 20 वर्षीय युवक से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे गए। रुपये देने से इनकार करने पर दो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार ककरैया तलैया निवासी क्रिश सिंह (20) नाश्ते का ठेला लगाता है। उसने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्त हर्ष के साथ मयूर स्वीट्स के सामने आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे।

इसी दौरान मामा आलूबंडा ठेला के पास अन्नू चक्रवर्ती ने क्रिश को रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगने लगा। क्रिश ने रुपये देने से मना किया तो अन्नू गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा।

इसी दौरान अन्नू का साथी करण भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि करण ने अपने पास रखे चाकू से क्रिश पर हमला कर दिया। चाकू लगने से उसकी बाईं जांघ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने BNS की धारा 296, 118(1), 119(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

और नया पुराने