Breaking

गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर मौत का तांडव: ट्रक-बोलेरो की भीषण भिड़ंत, 3 साल के मासूम समेत 6 की मौत, 7 गंभीर


गोंदिया-बालाघाट हाईवे पर मौत का तांडव: ट्रक-बोलेरो की भीषण भिड़ंत, 3 साल के मासूम समेत 6 की मौत, 7 गंभीर

मजदूरी के लिए परिवार सहित हैदराबाद जा रहे थे बालाघाट के लोग, नागरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को मारी सीधी टक्कर

गोंदिया। महाराष्ट्र को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले गोंदिया-बालाघाट राज्य महामार्ग पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले मजदूरों का सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम नागरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और मजदूरों से भरी बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 3 वर्षीय मासूम बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसा एक नजर में

हादसा ग्राम नागरा के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। बोलेरो में बालाघाट जिले के मजदूर और उनके परिवार सवार थे। हादसे में 6 लोगों की जान चली गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

रोजी-रोटी की तलाश में निकले थे, रास्ते में मिली मौत

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील के अलग-अलग गांवों के मजदूर अपने परिवारों के साथ मजदूरी करने के लिए तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। सभी लोग बोलेरो वाहन क्रमांक MP-15 T-3495 में सवार थे।

रात करीब 11:30 बजे बोलेरो गोंदिया शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर नागरा के पास पहुंची थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक MH-35 AJ-2547 से उसकी भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि बोलेरो के उड़ गए परखच्चे

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बोलेरो बुरी तरह चकनाचूर हो गई। वाहन में बैठे कई लोग अंदर ही फंस गए। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

गैस कटर से काटनी पड़ी बोलेरो

दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में शव और घायल इस कदर फंस गए थे कि उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

चीख-पुकार के बीच चला राहत और बचाव अभियान

सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों तथा मृतकों को वाहन से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का उपचार शुरू किया गया।

हादसे की खबर बालाघाट जिले में मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंचते ही मातम पसर गया। मजदूरी की उम्मीद लेकर घर से निकले परिवारों के साथ हुई इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।

ट्रक चालक पर FIR, पुलिस ने दर्ज किया मामला

दुर्घटना में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे, निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर, जिला बालाघाट के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (32), निवासी गोंदिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 281, 106(1), 125(a), 125(b) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम कर रही हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

एक हादसे ने उजाड़ दिए कई परिवार

मजदूरी कर परिवार का भविष्य संवारने की उम्मीद लेकर निकले लोगों के लिए यह यात्रा त्रासदी में बदल गई। तीन साल के मासूम समेत छह जिंदगियों के खत्म होने से बालाघाट और गोंदिया दोनों क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

```
और नया पुराने