गुप्ता स्वीट्स में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपी छोटू कबाड़ी समेत 5 गिरफ्तार
रांझी मढ़ई में अवैध वसूली की नीयत से दुकान में उपद्रव करने का आरोप, पुलिस घटनास्थल पर लेकर पहुंची आरोपियों को
30 अगस्त को गुप्ता स्वीट्स में हुआ था उपद्रव
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, 30 अगस्त को आरोपियों ने कथित रूप से अवैध वसूली की नीयत से रांझी मढ़ई स्थित गुप्ता स्वीट्स में तोड़फोड़ और उपद्रव किया था। वारदात के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के तत्काल बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों विज्जू चौधरी और जेंगो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले की जांच आगे बढ़ने पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, 24 घंटे में पकड़े आरोपी
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की गई और बीते 24 घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभिषेक उर्फ छोटू कबाड़ी (मुख्य आरोपी), राज कोत उर्फ राज केटीएम, अभिषेक भूमिया, राजीव कोत उर्फ राज स्मार्टी और स्वप्रित उर्फ रोहन। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मढ़ई क्षेत्र के निवासी हैं।
घटनास्थल पर आरोपियों से कराई गई तस्दीक
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को उस स्थान पर लेकर पहुंची, जहां कथित तौर पर उन्होंने तोड़फोड़ और उपद्रव किया था। पुलिस ने घटनास्थल पर वारदात की तस्दीक कराई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों को भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
छोटू कबाड़ी पर पहले से करीब 5 आपराधिक मामले
पुलिस अधिकारी के अनुसार मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ छोटू कबाड़ी के खिलाफ पहले से करीब पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी एक से दो आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब आसपास के अन्य थानों से भी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। रिकॉर्ड सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रांझी क्षेत्र में गुंडागर्दी, अवैध वसूली और व्यापारियों को डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
.jpg)