खेरमाई मंदिर के सामने आवारा बैल का खूनी हमला, दूध विक्रेता को तीन बार हवा में उछालकर पटका; इलाज के दौरान मौत
जबलपुर में आवारा और आक्रामक मवेशियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। हनुमानताल क्षेत्र में एक उग्र बैल ने दूध विक्रेता पर हमला कर उसे तीन बार सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा और आक्रामक मवेशियों का खतरा अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। शहर में आए दिन आवारा मवेशियों के कारण दुर्घटनाओं और हमलों के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आ रहा।
ताजा मामला हनुमानताल थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार सुबह खेरमाई मंदिर के सामने एक आवारा बैल ने एक दूध विक्रेता पर अचानक हमला कर दिया। बैल ने व्यक्ति को लगातार तीन बार हवा में उठाकर सड़क पर पटक दिया। गंभीर चोटें आने के बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे खेरमाई मंदिर के गेट नंबर एक के सामने की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, टेमरभीटा निवासी रवि यादव दूध बेचने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मौजूद एक आक्रामक बैल ने अचानक उन्हें निशाना बना लिया।
तीन बार सींगों पर उठाया, सड़क पर पटकता रहा बैल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला इतना अचानक और भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ पल तक समझ ही नहीं पाए कि क्या हो रहा है। बैल ने रवि यादव को पहले सींगों पर उठाकर जमीन पर पटका। इसके बाद उसने दोबारा और फिर तीसरी बार उन पर हमला किया।
लगातार हुए हमले से रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह बैल को हटाया और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
रवि यादव को गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिर सहित शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूध बेचकर लौट रहे थे घर
मृतक के भतीजे आमिर यादव ने पुलिस को बताया कि रवि यादव दूध बेचने का काम करते थे। रोज की तरह मंगलवार सुबह भी वह दूध बेचने निकले थे और काम पूरा करने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेरमाई मंदिर के सामने आवारा बैल ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा मवेशियों को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्रों में आवारा गाय, बैल और अन्य मवेशी लगातार घूमते रहते हैं। इससे वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और बुजुर्गों के लिए खतरा बना रहता है।
सवाल वही आवारा मवेशियों पर आखिर कब लगेगी लगाम?
एक व्यक्ति की मौत के बाद अब शहर में एक बार फिर आवारा मवेशियों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी अभियान चलाया गया होता तो शायद इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
शहरवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि आवारा एवं आक्रामक मवेशियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें सड़कों से हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह की दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।
