सिवनी। कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम खापा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास स्थित कुएं में गिरी 20 वर्षीय बेटी को बचाने के लिए पिता ने कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह भी बाहर नहीं निकल सके। हादसे में पिता-पुत्री दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
कुएं के पास गई थी बीएससी छात्रा
जानकारी के अनुसार खापा निवासी रोशन लाल पटले (50 वर्ष) की बेटी चेतना पटले (20 वर्ष) सिवनी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे चेतना घर के पास स्थित कुएं के पास किसी काम से गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में जा गिरी।
बेटी की चीख सुनकर कुएं में कूदे पिता
चेतना के कुएं में गिरने के बाद उसकी चीख सुनकर पिता रोशन लाल मौके पर पहुंचे। बेटी को डूबता देख उन्होंने बिना देर किए उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि कुएं में पानी काफी अधिक था और गहराई भी ज्यादा थी। पिता बेटी को बचाने में सफल नहीं हो सके और दोनों गहरे पानी में डूब गए।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश होने के कारण कुआं पानी से लबालब भरा हुआ था। इसी वजह से राहत और बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण रहा।
ग्रामीणों ने निकाले पिता-पुत्री के शव
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुरई थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
