Breaking

हाईवे पर लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

 


जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने हाईवे और सर्विस रोड पर लूटपाट की दो वारदातों का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल दो वाहन और नकद राशि बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिन्नू उर्फ दिनेश अहिरवार, गौरव अहिरवार उर्फ भोला और प्रमोद चौधरी के रूप में हुई है। तीनों माढ़ोताल क्षेत्र के निवासी हैं।

तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक

पुलिस ने बताया कि माढ़ोताल क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं की जांच के दौरान मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। सूचना मिलने पर बायपास स्थित जीरो डिग्री के पास दबिश देकर तीनों संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों लूट की वारदातें कबूल कर लीं।

आरोपियों से लूट की रकम में से 1,500 रुपये नकद, लूटी गई मोटरसाइकिल क्रमांक MP 49 ZE 2751, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी और दूसरी मोटरसाइकिल जब्त की गई है। शेष रकम आरोपियों ने खर्च करना बताया है।

पहली वारदात: बाइक गिराकर लूटे 7 हजार रुपये

31 अगस्त को भेड़ाघाट निवासी संजू ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मामा के साथ गुलौआ चौक स्थित डीके बिल्डर्स से मजदूरी के 7,000 रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। पाटन बायपास की सर्विस रोड पर पीछे से आए तीन युवकों ने उनकी बाइक गिरा दी और नकदी के साथ मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।

दूसरी वारदात: शराब के लिए मांगे रुपये, विरोध पर हमला

18 अगस्त को नर्मदा नगर निवासी सत्यम कोष्टा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता पांडव रेस्टोरेंट से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। राधाकृष्ण नेत्रालय के पास तीन बाइक सवार युवकों ने शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। इंकार करने पर आरोपियों ने नुकीली वस्तु से हमला कर घायल कर दिया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

और नया पुराने