Breaking

रीवा में डबल मर्डर से सनसनी: पति ने पत्नी और बेटी को मूसल से पीट-पीटकर मार डाला, जमीन विवाद में वारदात

 


रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों पर मूसल से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोटों के कारण मां-बेटी की मौत हो गई। वारदात के बाद घर में खून बिखरा मिला। घटना कोठी गांव की बताई जा रही है।

बिछिया पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुनैना मिश्रा और उनकी बेटी खुशी मिश्रा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति रविशंकर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल मूसल भी बरामद कर लिया गया है।

भाई को फोन कर बताया-घर में विवाद हो रहा है

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 1 बजे रविशंकर मिश्रा का पत्नी और बेटी से जमीन को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने भाई को फोन कर घर में झगड़ा होने की जानकारी दी और मौके पर आने के लिए कहा। भाई के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने पत्नी सुनैना पर मूसल से हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने अपनी बेटी खुशी को भी निशाना बनाया। दोनों पर लगातार वार किए गए। गंभीर चोटों के चलते मां-बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी रातभर शवों के साथ घर में ही मौजूद रहा।

छह बेटियों में चार की हो चुकी है शादी

परिजनों के मुताबिक, रविशंकर मिश्रा की छह बेटियां हैं। इनमें से चार की शादी हो चुकी है। तीन बेटियां भोपाल में और एक बेटी मऊगंज के देवतालाब में विवाहित है। वहीं, बेटी खुशी मिश्रा रीवा में ही रह रही थी और उसकी शादी नहीं हुई थी। आरोपी ने पत्नी के साथ अपनी इसी बेटी की भी हत्या कर दी।

घटनास्थल से मूसल बरामद

रीवा एसपी डॉ. गुरकरन सिंह के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। आरोपी रविशंकर मिश्रा को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मूसल भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात से पहले घर में किस तरह का विवाद हुआ था।

और नया पुराने