जबलपुर। बेलखाड़ू-खैरी स्थित अश्वनी हॉस्पिटल में शनिवार सुबह इलाज के दौरान 18 वर्षीय युवक शेखर चौधरी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। सूचना मिलते ही कटंगी थाना प्रभारी गोपिंद्र सिंह राजपूत, चौकी प्रभारी एसआई अमित मिश्रा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति संभाली।
परिजनों और मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड दवाइयां और गर्भपात से संबंधित सामग्री मिलने की बात सामने आई है। यह भी आरोप लगाया गया कि मृतक को एक साल पुरानी एक्सपायरी डेट वाली बोतल लगाई गई थी। इसके अलावा अस्पताल में रात और सुबह इलाज करने वाला युवक कथित तौर पर केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ा था।
मौके पर पनागर एवं कटंगी तहसीलदार, पनागर बीएमओ, बेलखाड़ू स्वास्थ्य केंद्र की टीम, पटवारी, कोटवार और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने अस्पताल से संबंधित सामग्री और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
