बंगाल में 80 प्रतिशत मतदान
विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को शाम 6 बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया और इस दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं, लेकिन कुल मिलाकर माहौल शांतिपूर्ण रहा। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच 30 सीटों पर मतदान हुआ, जिनमें से ज्यादातर सीटें कभी नक्सल प्रभावित इलाका रहे जंगल महल में हैं। पुरुलिया में सभी नौ सीटों, बांकुड़ा में चार, झाड़ग्राम में चार, पश्चिमी मेदिनीपुर में छह सीटों और पूर्व मेदिनीपुर में सात सीटों पर कोविड-19 संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मतदान कराया गया।
असम में 72 फीसदी हुई वोटिंग
असम में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 47 सीटों के लिए शनिवार को हुए मतदान में 81.09 लाख मतदाताओं में से शाम 6 बजे तक अनुमानित तौर पर 72.14 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य में पहले चरण के मतदान में कोविड-19 संबंधी नियमों के सख्ती से पालन पर जोर दिया गया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक मतदान शांतिपूर्ण रहा और ईवीएम में गड़बड़ी की कुछ शिकायतें आयी। मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गई।
