जबलपुर। दो दिन पहले पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने कोरोना से हो रही मौतों पर जो जानकारी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के सामने बेबाकी से रखी थी लगभग उसे स्वीकार्य करते हुए प्रदेश के सहकारिता मंत्री ने भी कहा कि ये महामारी का समय है और इस समय किसी भी तरह की गलत जानकारी नहीं देना चाहिए।
श्री विश्नोई ने वर्चुअल मीटिंग में अधिकारियों द्वारा झूठी जानकारी परोसे जाने की बात पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सही आंकड़े मुख्यमंत्री के सामने रखे थे। हालांकि सीएम को यह बात नागवार गुजरी थी और उन्होंने विश्नोई को टोकते हुए सारगर्भित बात ही सामने रखने की बात कही थी।
विधायक अजय विश्नाोई द्वारा जिला प्रशासन द्वारा गलत जानकारी समाचारों के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की बात को सीएम शिवराज सिंह ने बाद में गम्भीरता से ली और उन्होंने आनन फानन में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया को जबलपुर भेजा है। मंगलवार को जबलपुर में मीडिया से बात करते हुए सहकारिता मंत्री भदौरिया ने पहले तो जिला प्रशासन का बचाव किया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि समाज मे किसी तरह का भ्रम न फैले खासकर इस समय जब कोरोना की स्थिति विकराल हो रही है, ये काम प्रशासन और मीडिया का है कि वो सही जानकारी दें। उन्होंने कहा कि आज जो कोरोना की स्थिति बन रही है उससे सिर्फ जबलपुर, मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरा भारत जूझ रहा है। यही कारण है कि अब जिला प्रशासन को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर क्या हल निकाला जाए। इसके विषय में सोचना होगा।
