Breaking

महाराष्ट्र लॉकः कल रात 8 बजे से 15 दिन का कर्फ्यू, गरीबों को मुफ्त खाना देगी सरकार





मुम्बई। महाराष्ट्र में कोरोना की बढ़ती रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए कल बुधवार की रात 8 बजे से 1 मई की सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा आज मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कर दी है। अगले 15 दिन के लिए लागू इस लॉकडाउन को ब्रेक द चैन नाम दिया गया है। जिसके चलते राज्य में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। बगैर जरूरी काम के लोगों के घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। सीएम ने कहा है कि सरकार रियल एस्टेट सेक्टर के मजदूरों और परमिट वाले रिक्शा चालकों को 1500 रुपए की मदद देगी। साथ ही अगले एक महीने तक शिव भोजन योजना के तहत गरीबों को खाने की थाली भी मुफ्त दी जाएगी।

लाॅकडाउन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हालात पर नियंत्रण रखने के लिए कुछ कड़े कदम उठाना जरूरी हो गया है। लिहाजा, 14 अप्रैल की रात 8 बजे से पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस दौरान बाजार बंद रहेंगे। हालांकि लोकल ट्रेन और बस बंद नहीं रहेगी। इन्हें इमरजेंसी सर्विसेस के लिए चालू रखा जाएगा। मेडिकल सामान, दवाइयां, मास्क, सेनिटाइजर बनाने वाली कंपनियां पहले की तरह काम करती रहेंगी। उद्धव ने कहा कि पंढरपुर में मतदान के बाद ये नियम लागू होंगे। उन्होंने कहा कि हम मौत के आंकड़े या कोरोना के केस छिपाने की कोशिश बिल्कुल नहीं कर रहे हैं।

ठाकरे की पीएम से 5 मांगें
1. एयर फोर्स के हवाई जहाज से ऑक्सीजन की सप्लाई की जाए।
2. जीएसटी की फाइलिंग डेट 3 महीने आगे बढ़ाई जाए।
3. लोगों के आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए, केंद्र सरकार मदद करे।
4. ब्रटेन की तरह हमारे यहां भी बड़ी तादाद में वैक्सीनेशन होना चाहिए।
5. नए ग्रेजुएट्स डाॅक्टर्स की तैनाती की जाए।

प्रमुख शहरों के हाल
मुंबई में सोमवार को 6,905 नए केस आए। राहत की बात ये रही कि 9,037 लोग ठीक हुए, लेकिन दिन भर में 43 लोगों की मौत हुई। पुणे में सोमवार को 4,849 नए केस सामने आए और 65 लोगों की मौत हुई। पुणे में फिलहाल 53,376 एक्टिव मरीज हैं, इनमें से 1,050 लोगों की स्थिति गंभीर है। नागपुर में सोमवार को नागपुर में कोरोना से 69 लोगों की मौत हो गई। दिन भर में 5,661 नए संक्रमित सामने आए।
और नया पुराने