मनमोहन होटल में गंदगी मिली, खाद्य पंजीयन निलंबित - Khabri Guru

Breaking

मनमोहन होटल में गंदगी मिली, खाद्य पंजीयन निलंबित

जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिले में दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नगर निगम न्यायिक मजिस्ट्रेट की टीम के साथ सिविल लाइन स्थित मनमोहन होटल का निरीक्षण किया, जहां गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर होटल का खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान होटल में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं भंडारण किया जा रहा था। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के आसपास कॉकरोच और अन्य कीड़े भी पाए गए, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है।

इन अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत होटल का खाद्य पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।




सोनी डेरी से लिया पनीर का नमूना




इसी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सदर स्थित सोनी डेरी का भी निरीक्षण किया। यहां से गुणवत्ता की जांच के लिए पनीर का नमूना लिया गया है। यह नमूना परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पेज