
मणिपुर। पंजाब, कर्नाटक में आपसी गुटबाजी के कारण बगावत की समस्या से जूझ रहे कांग्रेस हाईकमान के सामने एक नई मुसीबत सामने आ गई है। इसी बीच एक बार फिर कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। मणिपुर में जहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंददास कोंथौजम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं कई समाचार एजेंसियों की मानें तो कांग्रेस पार्टी से बगावत कर आठ विधायक भी जल्द बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
दरअसल मणिपुर में कांग्रेस अपने पैर जमाने की कोशिश में लगी हुई है लेकिन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंददास कोंथौजम ने अपने पद से इस्तीफा देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। इसी बीच खबर आ रही है कि जल्द कांग्रेस के आठ विधायक भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। जिससे कांग्रेस के बीच संकट की स्थिति पैदा हो गई है।
कोंथौजम बिष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार छह बार कांग्रेस विधायक और कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक थे। राज्य के दिग्गज नेताओं में उनकी गिनती है इसके साथ ही साथ मणिपुर सरकार में वह कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। उन्हें पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा एमपीसीसी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।
वही मणिपुर में कांग्रेस की तरफ से उनका इस्तीफा कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी है। ज्ञात हो कि मणिपुर विधानसभा में 2022 में चुनाव होने वाले हैं। ऐसी स्थिति में बीजेपी खुद के पांव मजबूत करने में लगी हुई है। इसी बीच जून में जेपी नड्डा ने मणिपुर के प्रदेश अध्यक्ष के पद में बदलाव किया था। भाजपा ने शारदा देवी को मणिपुर इकाई का अध्यक्ष भी नामित किया था।