झारखंड सरकार गिराने की साजिश! रांची के बड़े होटल में भारी कैश के साथ 4 गिरफ्तार, विधायकों के खरीद-फरोख्त की आशंका - Khabri Guru

Breaking

झारखंड सरकार गिराने की साजिश! रांची के बड़े होटल में भारी कैश के साथ 4 गिरफ्तार, विधायकों के खरीद-फरोख्त की आशंका


रांची। झारखंड की राजधानी रांची के बड़े होटलों में शुक्रवार देर रात स्पेशल सेल ने ताबड़तोड़ छापा मारकर बड़ी मात्रा में कैश के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई स्पेशल सेल की निशानदेही पर हुई है।

स्पेशल ब्रांच का दावा है कि ये लोग झारखंड में सरकार गिराने की साजिश के तहत विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए बड़ी रकम लेकर होटल में ठहरे हुए थे। शनिवार को गिरफ्तार 3 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में राजद्रोह के तहत मामला दर्ज किया गया है। जबकि एक अन्य पर अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बताया गया है कि होटल से पकड़े गए आरोपी अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

सूत्रों के अनुसार, स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। इस पर पुलिस की टीम ने गोपनीय तरीके से रांची के बड़े होटलों में गुरुवार और शुक्रवार को लगातार 2 दिन छापेमारी की। पुलिस ने लोअर बाजार थाना के इलाके के एक बड़े होटल से 4 लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों से भारी कैश की बरामदगी भी हुई है।

पूछताछ में चारों आरोपियों ने कई राज खोले हैं। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर राज्य के अन्य जिलों में भी जांच की जा रही है। पूछताछ में आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। चर्चा है कि राज्य के विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर आरोपियों के द्वारा कोई बड़ी साजिश रची जा रही थी। इस मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर झाखंड की स्थिर सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है।

पेज