Breaking

कोर्ट में जज के सामने गैंगस्टर की हत्या, दो बदमाश हुए ढेर




नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में बड़ा गैंगवॉर हुआ है। शुक्रवार दोपहर को कोर्ट परिसर में मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी की जज के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोलीबारी के दौरान कोर्ट परिसर में शूटआउट हुआ और हमलावरों को भी मार गिराया गया है। बताया जा रहा है कि इस शूटआउट में अबतक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इनमें से एक जितेंद्र है, जबकि दो हमलावर हैं जो कि जितेंद्र पर ही हमला करने आए थे। जितेंद्र उर्फ गोगी को तिहाड़ जेल में बंद था, जिसे शुक्रवार को पेशी के लिए लाया गया था। कोर्ट परिसर में लाये जाने के दौरान बदमाशों ने हमला कर दिया। इसी दौरान रोहिणी कोर्ट के परिसर में बदमाशों के बीच शूटआउट हो गया।

वकील बनकर आए थे हमलावर
दिल्ली पुलिस के मुताबिक दो हमलावर वकील बनकर कोर्ट परिसर में पहुंचे थे जिन्होंने गैंगस्टर जितेंद्र पर गोली चलाई। स्पेशल सेल की टीम जितेंद्र को कोर्ट रूम में लेकर गई थी, जहां पर ये घटना हुई थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली के टिल्लू गैंग ने जितेंद्र की हत्या की है। जो दो हमलावर ढेर हुए हैं, उनमें एक राहुल है जिसपर 50 हजार का इनाम है. जबकि एक दूसरा बदमाश है।

दो साल पहले पकड़ा गया था जितेंद्र
जितेंद्र को दो साल पहले ही स्पेशल सेल ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक जितेंद्र गोगी ने अपराध के जरिए अकूत संपत्ति कमाई थी। जितेंद्र गोगी के नेटवर्क में 50 से ज्यादा लोग काम करते हैं। ज्ञात हो कि जितेंद्र गोगी के साथ कुलदीप फज्जा को भी पकड़ा गया था। कुलदीप फज्जा बाद में 25 मार्च को कस्टडी से फरार हो गया था। फज्जा जीटीबी अस्पताल से फरार हुआ था जिसके बाद उसका एनकाउंटर हुआ।
और नया पुराने