रूस पहुंचने पर इमरान खान का उप विदेश मंत्री ने किया स्वागत, लोग बोले- औकात अपनी-अपनी, युद्ध के बीच यात्रा पर उठे सवाल - Khabri Guru

Breaking

रूस पहुंचने पर इमरान खान का उप विदेश मंत्री ने किया स्वागत, लोग बोले- औकात अपनी-अपनी, युद्ध के बीच यात्रा पर उठे सवाल



नई दिल्ली। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए मॉस्को पहुंचे हैं। रूसी उप विदेश मंत्री, सर्गेई अलेक्सेयेविच रयाबकोव ने हवाई अड्डे पर इमरान खान और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। लोगों ने ट्विटर पर जमकर पड़ोसी देश की खूब खिंचाई की है। एक यूजर ने इसे उनकी औकात बताया है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा है, 'फोटो तो अच्छी वाली लगा देते।'

इमरान खान की यात्रा की तस्वीर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी की गई है। तस्वीर ट्वीट करते ही लोग पाकिस्तान और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को ट्रोल करने लगे। एक यूजर ने लिखा, 'क्या इसका मतलब है विदेश मंत्री के सहायक?' वहीं, एक दूसरे यूजर ने ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कैप्शन दिया, 'टाइमिंग और उनका स्वागत करने वाले उप विदेश मंत्री। महत्व जानते हैं।' महेश कामत नाम के एक यूजर ने लिखा है, 'उप विदेश मंत्री... औकात अपनी-अपनी।'

युद्ध के बीच इमरान की रूस यात्रा
इमरान खान का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह रूस-यूक्रेन युद्ध को "रोमांचक" करते हुए दिखाय़ी दे रहे हैं। इस दौरान खान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता कर प्रमुख क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। पिछले करीब दो दशक में यह किसी पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की पहली रूस यात्रा है। खान के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी रूस गया है, जिसमें उनके मंत्रिमंडल सहयोगी शामिल हैं। विदेश कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री खान और पुतिन के बीच द्विपक्षीय शिखर वार्ता दौरे का अहम बिंदु है। इसने कहा, शिखर बैठक के दौरान, दोनों नेता ऊर्जा सहयोग समेत व्यापक स्तर पर द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। दोनों नेता इस्लामोफोबिया और अफगानिस्तान के हालात समेत प्रमुख क्षेत्रीय एंव अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

अमेरिका ने उठाए सवाल
संयुक्त राज्य अमेरिका ने पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान की मास्को यात्रा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यूक्रेन में रूस की कार्रवाइयों पर आपत्ति जताना हर "जिम्मेदार" देश की जिम्मेदारी है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन की स्थिति पर पाकिस्तान को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है। प्राइस ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, "हमने रूस के यूक्रेन पर और नए सिरे से आक्रमण के बारे में अपनी स्थिति से पाकिस्तान को अवगत करा दिया है और हमने उन्हें युद्ध पर कूटनीति को आगे बढ़ाने के अपने प्रयासों के बारे में जानकारी दी है।"

तनाव खत्म करने भारत की अपील
भारत ने रूस और यूक्रेन के बीच तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया और आगाह किया कि स्थिति एक बड़े संकट में तब्दील हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने परिषद को बताया कि भारत ने महज दो दिन पहले ही यूक्रेन पर परिषद की बैठक में तनाव को तत्काल कम करने का आह्वान किया था और स्थिति से संबंधित सभी मुद्दों को हल करने के लिए कूटनीति केन्द्रित प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया था।

पेज